एआरबी टाइम्स ब्यूरो
किन्नौर। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पूह रविंद्र सिंह ठाकुर ने आज पूह पंचायत घर में एक दिवसीय संयुक्त जागरूकता शिविर का शुभारंभ किया। इस शिविर का उद्देश्य स्थानीय ग्रामीणों, विशेषकर किसानों और बागवानों को सरकारी योजनाओं, आधुनिक कृषि तकनीकों एवं वैज्ञानिक विधियों की जानकारी देना था।
इस जागरूकता शिविर में उद्यान, कृषि, पशुपालन, वन, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, आयुर्वेद, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग तथा पंजाब नेशनल बैंक के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। उन्होंने ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में कुल 100 ग्रामीणों ने भाग लिया, जिनमें 60 पुरुष और 40 महिलाएँ शामिल थीं।
किसानों को मिली अहम जानकारी:
डॉ. देव राज कायथ, विषय विशेषज्ञ (उद्यान) पूह ने एकीकृत बागवानी मिशन (NHM) के तहत मिलने वाले अनुदान की जानकारी दी, जिसके अंतर्गत किसान सोलर आधारित कोल्ड स्टोरेज यूनिट स्थापित कर सकते हैं। इससे वे अपनी फसलों को लंबे समय तक सुरक्षित रख पाएंगे।
डॉ. कायथ ने किन्नौर सेब को मिले GI टैग के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इससे स्थानीय सेब को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजार में पहचान मिलेगी और किसानों को बेहतर मूल्य प्राप्त होगा। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय ग्रेडिंग प्रणाली की जानकारी देकर किसानों को गुणवत्ता सुधार की दिशा में प्रेरित किया।
कार्यक्रम में राजेश नेगी (पंचायत प्रधान), प्रगतिशील किसान और बागवान, पंचायत जनप्रतिनिधि व संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।
