एआरबी टाइम्स ब्यूरो
कुल्लू। जिला कुल्लू में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को सुदृढ़ बनाते हुए उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से उपभोक्ताओं को प्राथमिकता पर राशन उपलब्ध करवाया जा रहा है। उपायुक्त तोरुल एस. रवीश ने बताया कि मलाणा क्षेत्र में अब तक 12.50 क्विंटल चावल, 15 क्विंटल आटा, 1.5 क्विंटल चीनी और 440 लीटर खाद्य तेल वितरित किया जा चुका है।
उन्होंने जानकारी दी कि कुल्लू जिले की 251 उचित मूल्य की दुकानों में राशन कार्ड धारकों के लिए आवश्यक खाद्यान्न सामग्री उपलब्ध करवा दी गई है। उन्होंने सभी विकास खंड अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पैदल चलने योग्य तथा खच्चर मार्गों की शीघ्र मरम्मत करवा कर उन्हें पुनः चालू करें, ताकि ग्रामीण और दुर्गम इलाकों में भी समय पर राशन की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
उपायुक्त ने यह भी बताया कि अधिकांश उचित मूल्य की दुकानों तक खच्चरों के माध्यम से ढुलाई की दरें अनुमोदित कर दी गई हैं, जिससे परिवहन व्यवस्था सुचारू बनी रहे। वे स्वयं भी विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सार्वजनिक वितरण प्रणाली की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और पूरी संवेदनशीलता के साथ हर पहलू पर संज्ञान लिया जा रहा है।
