एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। मौसम विभाग की चेतावनी के बीच वीरवार को हिमाचल में कई इलाकों में तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई। रोहतांग और लाहौल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। जबकि शिमला, धर्मशाला, मंडी, सोलन, बिलासपुर और कुल्लू के कई क्षेत्रों में बारिश के साथ ओले बरसे। ओलों और बारिश से सेब की फ्लावरिंग, गुठलीदार फलों, मटर, गेहूं और आलू की फसलों को नुकसान पहुंचा है। रामपुर विकास खंड में भी कई दुर्गम क्षेत्रों में भी ओलावृष्टि से सेब को भारी क्षति हुई है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, 7 मई तक पूरे प्रदेश में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना है। 2 से 4 मई तक हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है, जबकि 4 से 6 मई को मध्य और मैदानी क्षेत्रों में अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने ऊना, हमीरपुर, शिमला, मंडी, सोलन, सिरमौर और चंबा जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। कुछ स्थानों पर 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चल सकता है। प्रदेश में अगले 4-5 दिनों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में क्रमशः 2 से 5 और 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश से मौसम सुहावना हो गया है और गर्मी से राहत मिली है।
तापमान तालिका (°C में):
शहर | अधिकतम तापमान |
---|---|
ऊना | 38.2 |
हमीरपुर | 34.3 |
बिलासपुर | 33.9 |
कांगड़ा | 33.4 |
नाहन | 32.4 |
चंबा | 29.2 |
सोलन | 29.0 |
मनाली | 25.0 |
शिमला | 23.2 |