एआरबी टाइम्स ब्यूरो
बिलासपुर। भारी बारिश से प्रभावित घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में पीड़ितों की मदद के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार सक्रिय भूमिका निभा रही है। इसी क्रम में नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक और औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने पंचायत स्तर पर दौरा कर वर्षा प्रभावित परिवारों की मदद सुनिश्चित करने के प्रयास किए।
मंत्री धर्माणी ने बताया कि क्षेत्र की 14 ग्राम पंचायतों और नगर परिषद घुमारवीं में कुल 18 कच्चे और पक्के मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। सबसे अधिक नुकसान गाहर, औहर, दधोल, कपाहड़ा, हंबोट और पटटा पंचायतों में दर्ज किया गया है। अनुमानित नुकसान लगभग 32 लाख रुपये का है।
अब तक सरकार की ओर से प्रभावित परिवारों को 70 हजार रुपये की फौरी राहत, और 14 तिरपालें प्रदान की जा चुकी हैं। इसके अतिरिक्त, राजस्व विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में मौजूद रहकर नुकसान का आकलन कर रही है ताकि हर पीड़ित परिवार को समय पर सहायता मिल सके।
राजेश धर्माणी ने जानकारी दी कि क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति योजनाओं और सड़कों की मरम्मत का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हर व्यक्ति के साथ खड़ी है और राहत व पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
