एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही रक्तदान सेवा परिवार सोसाइटी को अयोध्या में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में राष्ट्रीय सेवा रत्न अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह अवार्ड संस्था को पिछले आठ वर्षों से रक्तदान के क्षेत्र में किए गए अभूतपूर्व योगदान के लिए प्रदान किया गया।
इस सम्मान समारोह का आयोजन 13 सितंबर को रामजन्मभूमि अयोध्या में हुआ, जिसमें देशभर से समाजसेवी संगठनों ने भाग लिया। इस समारोह में नेपाल, भूटान, केंद्र शासित प्रदेशों और उत्तरप्रदेश के 75 जिलों से आए रक्तदान कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
सम्मान ग्रहण करने पहुंचे सदस्य
सोसाइटी की ओर से संदीप शर्मा, ज्योति लाल, शिवम वालिया और संजय सूद ने समारोह में भाग लिया और यह सम्मान प्राप्त किया।
2017 से अब तक 55 शिविर
रक्तदान सेवा परिवार सोसाइटी ने वर्ष 2017 से अब तक 55 रक्तदान शिविरों का आयोजन कर हजारों यूनिट रक्त एकत्रित किया है। यह रक्त प्रदेश के खनेरी अस्पताल के साथ-साथ अन्य राज्यों और ज़रूरतमंद मरीजों तक पहुँचाया गया है।
एम्बुलेंस सेवा भी शुरू की
संस्था ने 2023 में आम जनमानस के लिए एम्बुलेंस सेवा की शुरुआत की, जिससे कम खर्च में इमरजेंसी ट्रांसपोर्ट की सुविधा दी जा रही है।
