एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद वीरवार को किन्नौर प्रवास के दौरान रामपुर सर्किट हाउस पहुंची, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर तीनों मंडलों के पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनी और उन्हें दूर करने का आश्वासन भी दिया। इस मौके पर पूर्व भाजपा प्रत्याशी कौल सिंह नेगी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

भाजपा मंडल रामपुर अध्यक्ष नरेश चौहान ने बताया कि केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) फेज-4, बैच-1 के तहत रामपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए लगभग 123 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इसके तहत 19 ग्रामीण सड़कों का लगभग 90 किलोमीटर तक उन्नयन होगा। इसमें रामपुर ब्लॉक की 13 सड़कें और ननखड़ी ब्लॉक की 6 सड़कें शामिल हैं।
रामपुर ब्लॉक में लगभग 69 किमी लंबाई की सड़कों पर 95.35 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इनमें हॉस्पिटल कॉलोनी-सरलापरोग, पटैना कैंची-धारण घाटी, दलोग-चाशनी-मडोग, रुँगचा-धारला, राजपुरा-दर्शाल, मोलगी लिंक, उरू-धार, पलजारा-गिंचा-पेई, मंगलाड़ ब्रिज-रुनपु, सावन-डोई, कुट-किंन्फी, कोटला-कुन्नी तथा सेरिपुल अनुराक्षी-करेरी मार्ग शामिल हैं।
ननखड़ी ब्लॉक में लगभग 21 किमी लंबाई की सड़कों पर 37.77 करोड़ रुपये व्यय होंगे। इनमें चेबड़ी-नगालनी, डाई-बरकेली, चड़ी-डारन, लाहरू-खड़ेला, एरली-मझेवठी तथा चकटी-थैली सड़क शामिल है।
क्षेत्रवासियों ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर एवं सांसद कंगना रनौत का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि परियोजना से ग्रामीण संपर्क, कृषि-बागवानी ढुलाई, पर्यटन और आपदा प्रभावित क्षेत्रों की कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होगा।
