एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
जिला मंडी के पड्डल मैदान में प्रदेश सरकार के तीन वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आत्मनिर्भर हिमाचल जन संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम द्वारा विभिन्न जिलों से विशेष बसें चलाई जा रही हैं।
इसी क्रम में बुधवार को रामपुर और आनी क्षेत्र से कुल 25 विशेष बसें मंडी के लिए रवाना की गईं। इनमें से आठ बसें रामपुर डिपो से सीधे, जबकि 11 बसें रामपुर क्षेत्र के विभिन्न रूटों और छह बसें आनी क्षेत्र के अलग-अलग रूटों से भेजी गई हैं।
इन बसों के संचालन से रामपुर के ग्रामीण क्षेत्र, ननखड़ी, आनी, कुमारसैन और निरमंड के कई स्थानीय रूट अस्थायी रूप से प्रभावित हुए हैं। इससे ग्रामीणों को आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बुधवार सुबह कई यात्रियों को निजी वाहनों का सहारा लेकर अधिक किराया देकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। यही स्थिति वीरवार को भी बनी रहने की संभावना है।
इस संबंध में HRTC रामपुर अड्डा प्रभारी स्वरूप दिवान ने बताया कि रामपुर डिपो के अंतर्गत कुल 25 बसें मंडी भेजी गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित रूटों को अगले दो दिनों तक क्लबिंग व्यवस्था के तहत चलाया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को कम से कम असुविधा हो।
