एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
राज्य सरकार की ओर से चिट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को रामपुर में शनिवार को एंटी ड्रग रैली आयोजित की गई। रैली में सरकारी व निजी स्कूलों के छात्र, आईटीआई के प्रशिक्षु, वोकेशनल संस्थान, रक्तदान सेवा परिवार सोसायटी और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भाग लिया। सभी ने एक साथ नशे के खिलाफ आवाज बुलंद की और चिट्टे जैसे जानलेवा नशे को जड़ से समाप्त करने की शपथ ली।

रैली कॉलेज परिसर से शुरू होकर एनएच, चौधरी अड्डा और मुख्य बाजार से होते हुए बॉयज स्कूल तक पहुंची। इस अवसर पर एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि नशा समाज के लिए एक गंभीर चुनौती है और इसे रोकने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। एसडीएम ने कहा कि पुलिस अपनी जिम्मेदारी निभा रही है, लेकिन समाज के जागरूक नागरिकों को भी नशा रोकने में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई परिचित, रिश्तेदार, सहपाठी या बाहरी व्यक्ति नशे में शामिल हो तो इसकी सूचना परिजनों या पुलिस तक पहुंचाना आवश्यक है, क्योंकि नशे से समाज तभी मुक्त होगा जब सब जिम्मेदारी निभाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि नशा करने वाले भी समाज का हिस्सा हैं और वे उपचार के बाद सामान्य जीवन जी सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में एसडीएम रामपुर ने सभी छात्रों व संगठनों को नशा न करने और दूसरों को जागरूक करने की शपथ दिलवाई। खनेरी अस्पताल से आए चिकित्सकों ने छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान एसडीपीओ नरेश शर्मा, डॉ. अंकिता, एसएचओ आशीष कौशल आदि मौजूद रहे।
