एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर में ट्रैफिक समस्या को कम करने के उद्देश्य से सर्किट हाउस से ब्रौ तक बनाई जा रही सड़क का कार्य लंबे समय से रुका हुआ था, जिससे स्थानीय लोगों में निराशा बढ़ रही थी। हालांकि लोक निर्माण विभाग ने इस महत्वपूर्ण सड़क निर्माण को दोबारा शुरू कर दिया है। लगभग 15 लाख रुपये की लागत से बनने वाली करीब एक किलोमीटर लंबी यह सड़क अब तेज़ी से आगे बढ़ रही है।
विभाग ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मार्ग के किनारों पर क्रेट वॉल का कार्य पूरा कर लिया है और अब सड़क पर सोलिंग बिछाने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। कई महीनों तक निर्माण रुकने के कारण लोगों की उम्मीदें खत्म सी हो गई थीं, लेकिन मशीनों और मजदूरों की वापसी से ब्रौ के निवासियों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क के चालू होने से न केवल ब्रौ के लिए आवागमन सुगम होगा, बल्कि कन्या स्कूल के पास से गुजरने वाली व्यस्त सड़क पर ट्रैफिक भी कम होगा। इससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और समय की बचत भी होगी।
लोक निर्माण विभाग रामपुर के एक्सईन शक्ति सिंह ने बताया कि बरसात के कारण निर्माण कार्य रोकना पड़ा था, लेकिन मौसम साफ होते ही इसे दोबारा शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सड़क को गौशाला के समीप बने पुल से जोड़ दिया जाएगा, जिससे लोग इसका लाभ उठा सकेंगे।
