Rampur Bushahr: लूहरी जल विद्युत परियोजना चरण-1 में जागरूकता सत्र

एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। लूहरी जल विद्युत परियोजना (एलएचईपी) चरण-1 में अनुबंध कर्मचारियों के लिए एक जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। जिसकी शुरूआत परियोजना प्रमुख विवेक शर्मा द्वारा की गई। कार्यक्रम राष्ट्रीय श्रमिक एवं विकास बोर्ड के सहयोग से तिलक राज, क्षेत्रीय निदेशक, द्वारा संचालित किया गया।

इस प्रशिक्षण सत्र में 40 अनुबंध कर्मचारियों ने भाग लिया, जिसमें कार्यस्थल पर सकारात्मकता के महत्व पर विशेष बल दिया गया। तिलक राज ने बताया कि सकारात्मक सोच न केवल व्यक्तिगत विकास में सहायक होती है, बल्कि कार्यस्थल के माहौल को भी सकारात्मक बनाती है, जिससे उत्पादनशीलता और समग्र विकास को बढ़ावा मिलता है।

सत्र के दौरान भवन एवं अन्य निर्माण श्रमिक कल्याण योजनाओं पर विशेष चर्चा की गई। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि श्रमिकों को बीओसीडब्ल्यू अधिनियम के तहत उनके अधिकारों, लाभों और सुरक्षा प्रोटोकॉल के बारे में पूर्ण जानकारी हो।

अनुबंध कर्मचारियों ने भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की और तर्क शक्ति को विकसित करने का अभ्यास भी किया। साथ ही, श्रम अधिनियमों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी कर्मचारियों को जागरूक किया गया।

इस कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों को फैकल्टी से सीधे संवाद करने का अवसर मिला, जिससे उन्हें अतिरिक्त जानकारी प्राप्त करने में मदद मिली।

इस जागरूकता सत्र में परियोजना के वरिष्ठ अधिकारी एवं मानव संसाधन विभाग के प्रमुख भी उपस्थित रहे, जिनमें धीरज गुप्ता (विभागाध्यक्ष, मानव संसाधन), राजेंद्र चौहान (वरिष्ठ प्रबंधक, मानव संसाधन) तथा अन्य अधिकारी शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *