एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। एसजेवीएन के रामपुर हाइड्रो पॉवर स्टेशन में विद्युत मंत्रालय तथा कॉर्पोरेट मुख्यालय शिमला के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत “स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 2025” एवं “स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान” का सफलतापूर्वक आयोजन और समापन हुआ।
इस 15 दिवसीय अभियान के दौरान क्षेत्रीय समुदाय की भागीदारी से विविध जागरूकता कार्यक्रमों का संचालन हुआ। स्वच्छता शपथ समारोह के साथ पखवाड़े की शुरुआत की गई, जिसमें कर्मचारियों, ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों ने स्वच्छता की जिम्मेदारी निभाने की शपथ ली।
चिन्हित क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाए गए और परियोजना प्रभावित गांवों में मोबाइल मेडिकल यूनिट द्वारा स्वच्छता पोस्टर लगाए गए। ग्रामीणों को साफ-सफाई एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई। “अपशिष्ट से कला” प्रतियोगिता में लोगों की रचनात्मकता को बढ़ावा मिला। किशोरियों के लिए स्वास्थ्य पर संवाद सत्र, गर्भवती महिलाओं के लिए स्वास्थ्य अनुरक्षण कार्यक्रम और सफाई मित्र सुरक्षा शिविर का आयोजन भी प्रमुख आकर्षण रहे।
महिला स्वयं सहायता समूहों और लेडीज़ क्लब द्वारा स्वच्छ फूड स्ट्रीट में विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजन प्रस्तुत किए गए, जिससे सांस्कृतिक समरसता को भी बढ़ावा मिला। “एक दिन, एक साथ, एक घंटा” पहल के अंतर्गत भालता कॉलोनी अवेरी और बायल बस स्टैंड पर सामूहिक सफाई अभियान चलाया गया। वहीं, ढरोपा गांव में “स्वच्छ हरित उत्सव” के अंतर्गत पर्यावरण और स्वच्छता पर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
राजकीय उच्च विद्यालय कोयल में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में छात्रों ने स्वच्छता पर आधारित रचनात्मक चित्र प्रस्तुत किए। पखवाड़े के अंत में 27 संविदा सफाई कर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह ने इस अभियान की सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए एसजेवीएन प्रबंधन और सभी प्रतिभागियों का आभार प्रकट किया।