एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। पीएम श्री उत्कृष्ट कन्या विद्यालय रामपुर में शनिवार को ब्लॉक स्तरीय कला उत्सव 2025 का भव्य आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में रामपुर खंड के सात प्रमुख स्कूलों के विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य, वाद्य यंत्र, स्टोरी टेलिंग और विजुअल आर्ट जैसे विभिन्न कला क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया और सभी का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य पीपी दुल्टा थे, जिन्होंने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस कला उत्सव में एकल गीत प्रतियोगिता में प्रथम स्थान भाविक राजा (सिग्मा स्कूल ऑफ साइंस), द्वितीय स्थान सरगम (कन्या स्कूल रामपुर) ने प्राप्त किया। समूह गान में प्रथम स्थान वंदना समूह (कन्या स्कूल रामपुर) और द्वितीय स्थान रीपिका समूह (सिग्मा स्कूल ऑफ साइंस) को मिला।
वाद्य यंत्र प्रतियोगिता में एकल में प्रथम स्थान मानवी भारद्वाज (कन्या स्कूल रामपुर) ने हासिल किया। एकल नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान मानवसी रचोली और द्वितीय स्थान किंजल (कन्या स्कूल रामपुर) को मिला। स्टोरी टेलिंग में प्रथम स्थान कृतिका व ऋतिका (कन्या स्कूल रामपुर) ने जीता। विजुअल आर्ट में प्रथम स्थान अंजली (कन्या स्कूल रामपुर) को प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम का संचालन कनवीनर और इतिहास प्रवक्ता सुंदर सिंह टैगोर ने किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों की प्रतिभा उजागर होती है और उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। रामपुर ब्लॉक स्तरीय कला उत्सव 2025 में सभी प्रतिभागियों ने अपनी कला से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
