एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर पुलिस थाना के अंतर्गत रविवार दोपहर बाद खनेरी क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। तेज रफ्तार ट्रक ने एक राहगीर को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही रामपुर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर, खनेरी पहुंचाया गया।
मृतक की पहचान देविन सिंह (पुत्र ठाकुर भगत), निवासी गांव युवरिंगी, डाकघर कोठी, तहसील कल्पा, जिला किन्नौर के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह हादसा खनेरी स्थित एक होटल के समीप उस समय हुआ, जब देविन सिंह सड़क पार कर रहे थे या सड़क किनारे चल रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे ट्रक के टायर के नीचे आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक को कुछ ही मीटर की दूरी पर गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
