ADVERTISE WITH US
📢 ARB Times के साथ अपने व्यापार को नई पहचान दें | विज्ञापन के लिए संपर्क करें: 9418210413 | ✉ editor@arbtimes.in | arbtimeshp@gmail.com | 🌐 www.arbtimes.in

Rampur Bushahr: रामपुर में पहली शिकायत निवारण बैठक, नंद लाल गैरहाज़िर अधिकारियों पर नाराज

November 21, 2025 3:30 PM
---Advertisement---

एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर

रामपुर में सातवें वित्तायोग अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नंद लाल की अध्यक्षता में पहली उपमंडल स्तरीय शिकायत निवारण और विकासात्मक कार्यों की समीक्षा बैठक समिति सभागार में आयोजित की गई। पहले ऐसी बैठकें जिला स्तर पर आयोजित होती थीं, लेकिन सरकार द्वारा दिए गए नए निर्देशों के बाद अब इन्हें उपमंडल स्तर पर किया जा रहा है, ताकि स्थानीय समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया और अधिक प्रभावी व त्वरित हो सके। बैठक का संचालन एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने किया।

विभागों में रिक्तियां व विकास कार्यों पर चर्चा

बैठक में रामपुर और ननखड़ी क्षेत्र के विभिन्न विभागों में रिक्त पड़े पदों को भरने, सड़क मार्गों, परिवहन, स्वास्थ्य, शिक्षा, जल शक्ति, विद्युत, पशुपालन और पुलिस विभाग से संबंधित कई लंबित मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई। अध्यक्ष नंद लाल ने लोगों को हो रही समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सभी विभागों को निर्देश दिया कि वे आगामी सात दिनों में बैठक में लिए गए निर्णयों पर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि कार्यवाही शीघ्र शुरू की जा सके।

मनोनीत सदस्यों ने रखीं क्षेत्रीय समस्याएं

बैठक में समिति के मनोनीत सदस्यों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित समस्याओं को मजबूती से रखा। सुदेश कौशिक ने नोगली डंपिंग साइट पर सुरक्षा दीवार बनाने, भैरा से तलाई तक एनएच पर स्ट्रीट लाइटें लगाने, दत्तनगर में सीवरेज व पुलिस चौकी की व्यवस्था तथा दत्तनगर स्कूल और मिल्क प्लांट में सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग उठाई। कृष्ण गोपाल भारद्वाज ने कुमसू–कमलाऊ–मसारना–करेरी सड़क को पक्का करने तथा राजपुरा–कुमसू उठाऊ पेयजल योजना को पूरा करने की आवश्यकता बताई। इसी प्रकार गंगा राम ने सराहन वार्ड नंबर 4 में सीवरेज लाइन बिछाने, सराहन स्कूल में विज्ञान संकाय के शिक्षकों की नियुक्ति, दोहरी–सराहन सड़क की मरम्मत, बाड़ी–घोआ गांव तक सड़क निर्माण, घराट में बरसाती पानी की निकासी व्यवस्था सुधारने, सराहन हेलीपैड से जाडगी सड़क निर्माण और नानण सड़क बहाली की मांग रखी।

कई विभागों के अधिकारी हुए शामिल

बैठक में एक्सईन जल शक्ति विभाग आर.एस. नेगी, एक्सईन विद्युत बोर्ड कुकू शर्मा, डीएफओ गुरहर्ष सिंह, बीडीओ राजेंद्र नेगी, एमएस डॉ. रोशन कौंडल सहित विभिन्न विभागों के कई अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान नंद लाल ने उन अधिकारियों के प्रति भी नाराजगी व्यक्त की जो बैठक में उपस्थित नहीं हुए या जिनके विभागों द्वारा कार्यों में लापरवाही बरती जा रही थी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता और समयबद्धता से सुनिश्चित करें, ताकि आम जनता को विकास कार्यों का वास्तविक लाभ समय पर मिल सके।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment