एआरबी टाइम्स ब्यूरो
किन्नौर। राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने जनजातीय जिला किन्नौर के आई.टी.डी.पी भवन रिकांग पिओ में आयोजित सामुदायिक संस्कृति एवं संरक्षण विषयक तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय वार्ता सम्मेलन कार्यशाला के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि किन्नौर की समृद्ध संस्कृति, परंपराएं, खानपान, रहन-सहन और भोटी भाषा को सहेजना आज के समय की महत्त्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे अपने इतिहास और संस्कृति को जानें, समझें और उसका प्रचार करें।
राजस्व मंत्री ने बताया कि भारतीय सेना के ब्रिगेड मुख्यालय पूह और राजकीय महाविद्यालय रिकांग पिओ के सहयोग से किन्नौर की संस्कृति को सरल भाषा में आमजन तक पहुंचाने की दिशा में काम किया जाएगा। साथ ही भोटी भाषा के संरक्षण व प्रचार-प्रसार को लेकर भी ठोस कदम उठाए जाएंगे।
पंचायत स्तर से संस्कृति संरक्षण की शुरुआत की अपील
उन्होंने स्थानीय बुद्धिजीवियों से पंचायत स्तर से इस कार्य को शुरू करने की अपील की ताकि संस्कृति और इतिहास की जानकारी नई पीढ़ी को मिल सके। कार्यक्रम का संचालन डॉ. उत्तम चंद चौहान ने किया, जिन्होंने तीन दिवसीय कार्यशाला की गतिविधियों का ब्योरा मुख्य अतिथि को प्रस्तुत किया।
इस कार्यक्रम में उपमंडलाधिकारी कल्पा अमित कल्थाईक, जिला परिषद सदस्य हितैष नेगी, कॉलेज के प्राध्यापकगण और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
रिब्बा पंचायत में फुल्याच महोत्सव के दूसरे दिन पहुंचे राजस्व मंत्री
इसके उपरांत मंत्री जगत सिंह नेगी ने रिब्बा पंचायत में देवता कसूराज जी के इष्ट स्थल कंडे में आयोजित सात दिवसीय फुल्याच उत्सव के दूसरे दिन भाग लिया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार देव परंपराओं के संरक्षण व संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसे आयोजनों में हर संभव सहयोग प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन उत्सवों से जहां संस्कृति को बढ़ावा मिलता है, वहीं आपसी भाईचारे और मेल-जोल को भी बल मिलता है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक शेखर, किनफेड अध्यक्ष चंद्र गोपाल नेगी, जनजातीय सलाहकार परिषद के सदस्य डॉ. सूर्या बोरस नेगी, जिला परिषद सदस्य हितैष नेगी, अधिशाषी अभियंता विद्युत टाशी छोदूप नेगी, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण दिनेश सेन, उप निदेशक उद्यान भूपेंद्र नेगी, उप निदेशक पशुपालन डॉ. अजय नेगी, तथा रिब्बा ग्राम पंचायत की प्रधान राधिका नेगी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
