एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए किए गए निरंतर प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। राज्य में पिछले तीन वर्षों में सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है, जिससे अनेक अमूल्य जीवन बचाए जा सके हैं।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2023 में प्रदेश में कुल 2,253 सड़क दुर्घटनाएं हुई थीं। वर्ष 2024 में यह संख्या घटकर 2,147 रह गई, जबकि वर्ष 2025 में अब तक केवल 1,457 दुर्घटनाएं दर्ज की गई हैं। यह कमी सड़क सुरक्षा को लेकर सरकार द्वारा चलाए गए जागरूकता अभियानों, उन्नत निगरानी तंत्र और यातायात नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम है।
प्रदेश सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि यह उपलब्धि विशेष रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि हिमाचल प्रदेश को पिछले वर्षों में भूस्खलन, भारी बारिश, बाढ़ और बादल फटने जैसी प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद विभिन्न विभागों के समन्वय से सड़क सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता देते हुए प्रभावी कदम उठाए गए।
प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं। सरकार का उद्देश्य केवल दुर्घटनाओं की संख्या को कम करना ही नहीं, बल्कि हर नागरिक के जीवन की सुरक्षा को सुनिश्चित करना है। इसी दिशा में सड़क चौड़ीकरण, साइनेज सुधार, ब्लैक स्पॉट चिन्हांकन, ड्राइवर जागरूकता और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को सशक्त किया जा रहा है।
