एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शुक्रवार को उपमंडल जुब्बल में दो महत्वपूर्ण विकासात्मक कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पंचायत स्तर पर शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क जैसे आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
जुब्बल के समीप डकैड़ में निर्माणाधीन शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान (SIEMAT) के कार्यों का निरीक्षण करते हुए शिक्षा मंत्री ने बताया कि यह संस्थान जुब्बल क्षेत्र का एक बड़ा और महत्वपूर्ण संस्थान होगा। इसके माध्यम से भविष्य में प्रदेश व देशभर से शिक्षक प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे, जिससे शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और शिक्षा का स्तर बेहतर होगा। उन्होंने बताया कि इस संस्थान पर लगभग 17 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं तथा निर्माण कार्य हिमुडा द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को कार्य को निर्धारित समयावधि में पूरा करने के निर्देश भी दिए।
इसके उपरांत शिक्षा मंत्री ने खड़ापत्थर में 1 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि अपने विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 11 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण किया जा रहा है, जिनमें से एक स्वास्थ्य केंद्र बरथाटा (बटाड़गलू) का लोकार्पण पहले ही किया जा चुका है।
ग्राम पंचायत पराली के प्रांगण में आयोजित एक समारोह में शिक्षा मंत्री ने कहा कि पराली पंचायत में अन्य पंचायतों की भांति सर्वांगीण विकास हुआ है। क्षेत्र में विभिन्न सड़कों और भवनों का निर्माण किया गया है। उन्होंने बताया कि खड़ापत्थर–पटसारी सड़क के उन्नयन पर 17 करोड़ 16 लाख रुपये व्यय किए जा रहे हैं, जिसके अंतर्गत सड़क की मेटलिंग व टारिंग का कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने कहा कि गिरी गंगा जुब्बल क्षेत्र का एक पवित्र एवं दर्शनीय स्थल है। खड़ापत्थर–गिरी गंगा सड़क को 6 करोड़ 46 लाख रुपये की लागत से पक्का किया गया है, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी सुविधा मिलेगी और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत मडांन संपर्क मार्ग के लिए 2 करोड़ 96 लाख रुपये की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है तथा शीघ्र ही औपचारिकताएं पूरी कर कार्य आरंभ किया जाएगा।
शिक्षा मंत्री ने सभी क्षेत्रवासियों को नववर्ष 2026 की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि आने वाला वर्ष प्रदेशवासियों के लिए सुख, समृद्धि और विकास लेकर आए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में वर्तमान सरकार के तीन वर्ष पूर्ण हुए हैं, जिनके दौरान हिमाचल प्रदेश ने विकास की एक मजबूत और अभूतपूर्व यात्रा तय की है। साथ ही उन्होंने 2023 और 2025 में प्राकृतिक आपदाओं से हुए भारी नुकसान का उल्लेख करते हुए आशा जताई कि आने वाला समय प्रदेश के लिए बेहतर और सुखमय सिद्ध होगा।
इस अवसर पर जुब्बल-नावर-कोटखाई कांग्रेस मंडल अध्यक्ष मोतीलाल डेरटा, प्रधान ग्राम पंचायत पराली मीनाक्षी मजटा, पंचायत समिति सदस्य कोमल हांसटा, जुब्बल कांग्रेस जोन अध्यक्ष लोकपाल शरखोली, ब्लॉक कांग्रेस अनुसूचित जाति अध्यक्ष मुनि लाल नरसेठ, ग्राम पंचायत शिल्ली के प्रधान किरपा राम, पूर्व प्रधान लोकिंदर चौहान, युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक कालटा सहित विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। साथ ही उपमंडलाधिकारी जुब्बल गुरमीत नेगी, बीडीओ जुब्बल करण सिंह, एसएचओ जुब्बल चेतन चौहान तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।
