एआरबी टाइम्स ब्यूरो, लाहौल। बढ़ती ठंड और सड़क पर बर्फ जमने से उत्पन्न खतरे को देखते हुए रोहतांग दर्रा को छह महीनों के लिए बंद कर दिया गया है। लाहौल-स्पीति जिला प्रशासन ने वीरवार से राष्ट्रीय राजमार्ग-03 पर ग्रांफू से रोहतांग और जिंगजिंगबार से सरचू तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए हैं। इस आदेश के बाद देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को अब अगले सीज़न तक रोहतांग पास के दर्शन के लिए इंतजार करना होगा।
ठंड बढ़ने और सड़क पर बर्फ जमने से बढ़ा खतरा
प्रशासन के अनुसार इस वर्ष तापमान सामान्य से अधिक तेजी से गिर रहा है। कई स्थानों पर पारा शून्य से कई डिग्री नीचे पहुंच गया है।
सुबह और रात के समय सड़क पर बर्फ जमने से फिसलन बढ़ रही है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी काफी अधिक है। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर NH-03 के इन भागों को पूरी तरह बंद कर दिया है। मौसम विभाग ने भी आगामी दिनों में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अधिक हिमपात की चेतावनी जारी की है। ऐसे में मार्ग खुला रखना यात्रियों और राहत-बचाव दलों दोनों के लिए जोखिमभरा हो सकता था।
अटल टनल के रास्ते कुछ स्थानों तक पर्यटन जारी रहेगा

रोहतांग पास बंद होने के बावजूद, अटल टनल रोहतांग के रास्ते कोकसर और ग्रांफू क्षेत्र तक पर्यटकों की आवाजाही संभव रहेगी। ग्रांफू के आसपास का क्षेत्र स्नो-व्यू पॉइंट सहित सर्दियों में बर्फ का आनंद लेने के लिए उपयुक्त माना जाता है। इसके अलावा लाहौल घाटी के प्रमुख पर्यटन स्थल सिस्स, केलांग, उदयपुर, जिस्पा, दारचा सर्दियों में भी सुरक्षित रूप से सुलभ रहेंगे और पर्यटकों के लिए आकर्षण बने रहेंगे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ग्रांफू-रोहतांग और जिंगजिंगबार-सरचू मार्ग पर किसी भी निजी या व्यावसायिक वाहन को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। इन आदेशों का पालन करवाने के लिए पुलिस और प्रशासनिक दल तैनात कर दिए गए हैं। प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे बिना अनुमति ऊपरी क्षेत्रों की ओर न जाएं।
