एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। रोटरी क्लब रामपुर को वर्ष 2024-25 के दौरान समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए इंटरनेशनल रोटरी क्लब द्वारा सम्मानित किया गया है। पिछले 25 वर्षों में यह पहली बार है जब रामपुर क्लब को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ऐसा सम्मान प्राप्त हुआ है।
रोटरी क्लब रामपुर की स्थापना वर्ष 2000 में हुई थी। क्लब के वर्तमान अध्यक्ष दीपक सूद (कार्यकाल: 1 जुलाई 2024 से 30 जून 2025) ने इस सम्मान को अपनी टीम की मेहनत और सेवा भावना का परिणाम बताया।
दीपक सूद ने बताया कि उनके कार्यकाल के दौरान क्लब ने कई सामाजिक कार्य किए। समेज और केदस में बादल फटने से प्रभावित लोगों को एक हजार GI शीट्स वितरित की गईं। इसके अलावा आंखों की जांच और ऑपरेशन कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 650 मरीजों की जांच की गई और 87 मरीजों के मुफ्त ऑपरेशन कराए गए।
कन्या स्कूल रामपुर में वाटर कूलर और सीलिंग फैन लगाए गए, साथ ही रामपुर, नोगली और ज्यूरी में छात्राओं को सैनिटरी पैड्स वितरित किए गए। क्लब द्वारा वार्षिक पौधारोपण अभियान भी चलाया गया और किसी भी जरूरतमंद की सहायता के लिए तत्परता दिखाई गई।
दीपक सूद ने इंटरनेशनल रोटरी क्लब का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके क्लब के लिए एक बड़ी प्रेरणा है और भविष्य में भी समाज सेवा के कार्य निरंतर जारी रहेंगे।