एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को स्कूलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसका उद्देश्य किशोरियों और उनके अभिभावकों को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस और समय पर टीकाकरण के महत्व के बारे में जानकारी देना है।
स्वास्थ्य विभाग रामपुर की टीम ने सनशाइन वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य सुषमा मखैक ने स्वास्थ्य कर्मियों का स्वागत करके किया। शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं इस अवसर पर मौजूद रहे।
स्वास्थ्य समन्वयक जोशी ने बताया कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस से होने वाले सर्वाइकल कैंसर को समय पर टीकाकरण से काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि बिना संकोच अपनी बेटियों का टीकाकरण अवश्य कराएं।
मार्च से 14 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी बालिकाओं का टीकाकरण शुरू होगा और यह अभियान तीन माह तक चलेगा, ताकि 14-15 वर्ष की सभी बालिकाओं को निःशुल्क वैक्सीन मिल सके। बाजार में इसकी कीमत लगभग 10,000 रुपये है, लेकिन सरकार द्वारा इसे मुफ्त उपलब्ध कराया जा रहा है।
