एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार यह कार्यक्रम प्रदेश के सभी जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित किया जा रहा है, ताकि शासन को सीधे जनता के द्वार तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर पर लोगों की समस्याएं सुनी जा रही हैं और मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए जा रहे हैं।
विशेष राजस्व अभियान के तहत 5.10 लाख मामलों का निपटारा
मंत्री ने बताया कि भूमि विवादों के कारण वर्षों तक अदालतों में चलने वाले मामलों को प्रशासनिक स्तर पर समयबद्ध ढंग से सुलझाने के उद्देश्य से विशेष राजस्व अभियान चलाया गया। अक्टूबर 2023 से दिसंबर 2025 तक प्रदेश में 5 लाख 10 हजार से अधिक राजस्व मामलों का निपटारा किया गया है।
1.50 करोड़ की लागत से दो सड़कों का शिलान्यास
कैबिनेट मंत्री ने नालदेहरा से बनरेडी (ओडू) संपर्क सड़क तथा कोगी से डगोग संपर्क सड़क का शिलान्यास किया। इन दोनों सड़कों पर कुल 1.50 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा में निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा।
मंत्री ने बताया कि कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में लगभग 200 करोड़ रुपए सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पेयजल और ग्रामीण विकास योजनाओं पर खर्च किए जा रहे हैं। इसके साथ ही क्षेत्र की कम वोल्टेज समस्या के समाधान के लिए 31 मार्च से पहले 63 केवी के छह ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएंगे।
सैंव गांव में खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ
इसके उपरांत मंत्री ने सैंव गांव में खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहते हुए खेलकूद, शिक्षा और सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के सहयोग से प्रदेश भर में खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित करेगा। विजेता टीम को 21 लाख रुपए की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। मंत्री ने युवक मंडल को खेल आयोजन एवं स्पोर्ट्स किट के लिए 50 हजार रुपए देने की घोषणा की तथा खेल मैदान की फेंसिंग और विस्तार का आश्वासन भी दिया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री रूपदास कश्यप, पंचायत समिति मशोबरा की अध्यक्षा चंद्रकांता वर्मा, नगर निगम पार्षद, पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण व खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
