एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
सेवार्थ विद्यार्थी रामपुर इकाई द्वारा नोगली क्षेत्र में जरूरतमंद लोगों को सर्दी से राहत पहुंचाने के उद्देश्य से कपड़ों का वितरण किया गया। इस सेवा कार्य के माध्यम से गरीब एवं असहाय वर्ग को कड़ाके की ठंड में सहयोग प्रदान किया गया।
एसएफएस इकाई प्रमुख दिक्षा ने जानकारी देते हुए बताया कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद रामपुर इकाई द्वारा 22 से 30 दिसंबर 2025 तक राजकीय महाविद्यालय रामपुर के परिसर में वस्त्र बैंक लगाया गया था। इस अभियान में महाविद्यालय के विद्यार्थियों एवं रामपुर इकाई के कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई, जिसके माध्यम से लगभग 40 जोड़ी वस्त्र एकत्रित किए गए।
उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की सेवा गतिविधि सेवार्थ विद्यार्थी के अंतर्गत प्रत्येक वर्ष सर्दियों के मौसम में प्रदेश भर के विभिन्न महाविद्यालयों में इस प्रकार के वस्त्र बैंक लगाए जाते हैं। इन बैंकों के माध्यम से एकत्रित किए गए साफ-सुथरे और उपयोग योग्य कपड़ों को जरूरतमंद लोगों, बच्चों एवं बुजुर्गों में वितरित किया जाता है, ताकि उन्हें ठंड से राहत मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि वे इस तरह के सेवा कार्यों में आगे आकर सहयोग करें, जिससे जरूरतमंदों की सहायता सुनिश्चित की जा सके।
