एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
एसएफआई हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई का 40वां सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सम्मेलन में 51 सदस्यीय कार्यकारिणी और 17 सदस्यीय सचिवालय चुना गया, जिसमें योगी सिंघानिया को इकाई प्रधान और मुकेश कुमार को इकाई सचिव के रूप में चुना गया।
सम्मेलन में देश और विश्व की वर्तमान महत्वपूर्ण घटनाओं पर गंभीर चर्चा हुई। खासतौर पर फिलिस्तीन में हो रहे नरसंहार और विश्व के विभिन्न हिस्सों में चल रहे राजनीतिक उथल-पुथल पर संगठनात्मक दृष्टिकोण पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा पूर्व सचिव रितेश कुमार ने पिछली कार्यकारिणी की रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए उपलब्धियों और कमियों पर चर्चा की।
सार्वजनिक शिक्षा में हो रहे व्यापारीकरण, निजीकरण और भगवाकरण को लेकर भी सम्मेलन में गंभीर विचार-विमर्श हुआ। नवनिर्वाचित इकाई सचिव मुकेश कुमार ने अपने संबोधन में संगठन की जिम्मेदारियों को पूरा करने और एक मजबूत छात्र आंदोलन तैयार करने का संकल्प लिया। इकाई प्रधान योगी सिंघानिया ने सार्वजनिक शिक्षा पर हो रहे हमलों का पर्दाफाश करने और विश्वविद्यालय में हो रहे घोटालों को उजागर करने के लिए निर्णायक छात्र आंदोलन का निर्माण करने का आश्वासन दिया।
