एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
शिमला। उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में आज यहां 30 जनवरी, 2026 को आयोजित होने वाले शहीदी दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त ने जानकारी दी कि शहीदी दिवस का आयोजन 30 जनवरी को ऐतिहासिक रिज मैदान पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समीप प्रातः 10:30 बजे से किया जाएगा। इस अवसर पर विशिष्ट एवं गणमान्य अतिथि महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रातः 11:00 बजे शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा जाएगा। कार्यक्रम के दौरान सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के कलाकारों द्वारा रामधुन एवं भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। उपायुक्त ने कहा कि शहीदी दिवस एक अत्यंत गरिमामय और पवित्र अवसर है, जिसकी मर्यादा बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समय रहते सभी तैयारियां पूर्ण करने तथा कार्यक्रम को भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा, उपमंडलाधिकारी शिमला (ग्रामीण) मंजीत शर्मा, उपमंडलाधिकारी शिमला (शहरी) ओशिन शर्मा, सहायक आयुक्त देवी चंद ठाकुर, संयुक्त आयुक्त नगर निगम शिमला डॉ. भुवन शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
