एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर आज अपने विधानसभा क्षेत्र के नावर क्षेत्र की उप-तहसील टिक्कर में पहुंचे, जहाँ उन्होंने नाबार्ड के तहत विधायक प्राथमिकता के आधार पर लगभग 7 करोड़ 7 लाख रुपये की लागत से बनने वाली 5.340 किलोमीटर लंबी कड़ीवन–उमलाडवार–गालून सड़क के निर्माण एवं मरम्मत कार्य का भूमिपूजन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि नावर क्षेत्र में सड़क सुविधा का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है, जिससे प्रत्येक गाँव विकास की मुख्यधारा में जुड़ सके।
उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जुब्बल नावर कोटखाई क्षेत्र में 500 करोड़ रुपये से अधिक की सड़कों के निर्माण एवं सुधारीकरण के कार्य प्रगति पर हैं, जो हिमाचल प्रदेश में सबसे अधिक है। उप-मंडल टिक्कर में वर्तमान में 100 करोड़ रुपये से सड़कों का निर्माण एवं मरम्मत हो रहा है। पिछले तीन वर्षों में 147 नई सड़कों की पासिंग की गई है तथा इस वर्ष के अंत तक 150 सड़कों का लक्ष्य पूरा किया जाएगा।
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना चरण-4 के अंतर्गत जुब्बल नावर कोटखाई में 110 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। इनमें से 51 करोड़ रुपये की लागत से उप-मंडल टिक्कर में 6 सड़कों को शामिल किया गया है। साथ ही कड़ीवन–घणासीधार सड़क की री-टारिंग का कार्य 90 लाख रुपये से चल रहा है।
सेब बागवानी क्षेत्र के विकास को रेखांकित करते हुए उन्होंने बताया कि क्षेत्र की पुरानी घणासीधार–खादराला सड़क को 9 करोड़ 50 लाख रुपये से पक्का किया गया है और 25 करोड़ रुपये से अन्य भवन निर्माण कार्य जारी हैं। ग्राम पंचायत कुठाड़ी के टूटू पानी में 6 करोड़ 72 लाख रुपये की लागत से आधुनिक सेब ग्रेडिंग एवं पैकिंग हाउस का निर्माण किया गया है, जिसे एचपीएमसी ने विश्व बैंक पोषित योजना के अंतर्गत निर्मित किया है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में मंडी मध्यस्थता योजना के तहत सरकार द्वारा 99 हजार मीट्रिक टन सेब खरीदा गया, जो पिछले वर्ष से दोगुना है। मानसून आपदा के दौरान बागवानों की फसलों को बाजार तक पहुँचाने में व्यापक सहयोग प्रदान किया गया तथा आपदा उपरांत 24 करोड़ रुपये सड़कों की मरम्मत पर व्यय किए गए।
इस अवसर पर कांग्रेस मंडल पूर्व अध्यक्ष मोती लाल डेरटा, स्थानीय प्रधान रेवती देवी, प्रधान ललित संगरेल, एसडीएम रोहड़ू धर्मेश, बीडीओ रोहड़ू, तहसीलदार टिक्कर सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
