एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवाओं (एचएएस) के अधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल में वर्ष 2024 बैच के छह परिवीक्षाधीन अधिकारी और 2022, 2023 व 2024 बैच के 16 पदोन्नत अधिकारी शामिल थे, जो इस समय डॉ. मनमोहन सिंह हिमाचल प्रदेश लोक प्रशासन संस्थान, शिमला में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से ईमानदारी, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व जैसे मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सुशासन और जनसेवा के लिए प्रतिबद्ध है, और एचएएस अधिकारी इस लक्ष्य को साकार करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सरकार की प्रमुख जन कल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता दें और यह सुनिश्चित करें कि इन योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचे। मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों में अनावश्यक देरी समाप्त करने और परियोजनाओं को समयबद्ध रूप से पूरा करने पर जोर दिया। साथ ही, उन्होंने प्रशासन में पारदर्शिता लाने हेतु आधुनिक तकनीकों को अपनाने की आवश्यकता भी बताई। इस अवसर पर आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा भी उपस्थित रहे।