एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत चनोग में लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने लगभग 3.50 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास किए। उन्होंने कहा कि हर गांव को सड़क सुविधा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है और अंतिम छोर की पंचायतों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना उनका दायित्व है। मंत्री ने कहा कि चनोग पंचायत शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की अंतिम पंचायत है, इसलिए यहां बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र की लंबे समय से लंबित मांगों को पूरा करते हुए तीन महत्वपूर्ण सड़कों को चौड़ा व पक्का किया जा रहा है। इनमें कफलेड संपर्क सड़क पर 89 लाख रुपये, पोआबो से सुजाना सड़क पर 86 लाख रुपये तथा शाल से चनोग सड़क के पक्कीकरण व चौड़ीकरण पर 90 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि उद्घाटन की गई परियोजनाओं में पोआबो रेस्ट हाउस के निर्माण पर 39 लाख रुपये, प्राथमिक पाठशाला चनोग में दो अतिरिक्त कमरों के निर्माण पर 8 लाख रुपये तथा कफलेड, सुजाना और बरोग में खेल मैदानों के निर्माण पर कुल 27 लाख रुपये की राशि खर्च की गई है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं के विस्तार से युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे।
मंत्री ने कहा कि जुब्बड़हट्टी व आसपास का क्षेत्र नगदी फसलों के लिए जाना जाता है और यहां के किसान-बागवान प्राकृतिक खेती के माध्यम से अपनी आय बढ़ा रहे हैं। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि यदि किसी प्रकार के सुधार की आवश्यकता हो तो सुझाव दें, ताकि आवश्यक कदम उठाए जा सकें। उन्होंने यह भी कहा कि पोआबो रेस्ट हाउस को ईको टूरिज्म से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही शालाघाट से शिमला तक प्रस्तावित फोरलेन परियोजना के सर्वे में बदलाव कर इसे धमून, खलग और जाठिया देवी के पास से ले जाने की जानकारी दी।
लोक निर्माण मंत्री ने बताया कि पुरानी शालाघाट–शिमला सड़क राज्य राजमार्ग के तहत लोनिवि को वापस सौंपी गई है, जिसके सुधार के लिए केंद्र सरकार से 25 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि चनोग पंचायत में अब तक 6.10 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं और लगभग 2 करोड़ रुपये के कार्य प्रगति पर हैं। इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
