शिमला | पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत संजौली में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो आरोपियों को करीब 24 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और लगभग 7 ग्राम एमडीएमए के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना संजौली में एफआईआर दर्ज की गई है।
संजौली पुलिस टीम लक्ष्मी नारायण मंदिर के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक विश्वसनीय सूत्र से सूचना मिली कि दो व्यक्ति बतीश कॉलोनी के पास चिट्टा और अन्य नशीले पदार्थ बेचने की नीयत से घूम रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर दोनों संदिग्धों को रोका। पुलिस ने उनकी तलाशी ली तो बैग से करीब 24 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और लगभग 7 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।
👉 यह भी पढ़ें : Shimla : रामपुर में नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 34.31 ग्राम चिट्टे के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार
चंडीगढ़ और शिमला के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलदेव सिंह (45) पुत्र लाभ सिंह, निवासी सेक्टर 41-डी, बढ़ेड़ी, चंडीगढ़ और साहिल (23) पुत्र संतोष कुमार, निवासी गांव देवग, डाकघर देवला, तहसील सुन्नी, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों के पास बरामद नशीले पदार्थ कहां से आए थे और इन्हें आगे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस आरोपियों के संपर्क में रहे अन्य लोगों और नशे के नेटवर्क से जुड़े व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
