एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
डीएवी पब्लिक स्कूल दत्तनगर में साइबर अपराध, नशा मुक्ति एवं यौन शिक्षा विषय पर जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसडीपीओ रामपुर नरेश शर्मा ने विद्यार्थियों को विभिन्न सामाजिक एवं कानूनी विषयों की जानकारी दी और उन्हें साइबर अपराध तथा नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया।
व्याख्यान में कक्षा आठवीं से 12वीं तक के करीब 500 विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ ने भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों को एनडीपीएस अधिनियम, नशीले पदार्थों के सेवन और तस्करी से जुड़े कानूनी प्रावधानों तथा नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया गया।
एसडीपीओ नरेश शर्मा ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए जागरूकता और सही मार्गदर्शन बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय भी बताए गए। सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल करने, साइबर बुलिंग से बचने तथा इंटरनेट पर निजी एवं संवेदनशील जानकारी साझा न करने के संबंध में आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारी ने विद्यार्थियों को बताया कि साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने पर बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवानी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से इंटरनेट और सोशल मीडिया का जिम्मेदारी के साथ इस्तेमाल करने तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को देने की अपील की।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर अपराध, नशे और अन्य सामाजिक चुनौतियों के प्रति जागरूक कर उन्हें सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।
