एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
एसजेवीएन के निदेशक (परियोजनाएं) राजेश कुमार चंदेल ने रविवार को एसजेवीएन के 1500 मेगावाट क्षमता वाले नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन का दौरा कर विद्युत उत्पादन, परिचालन व्यवस्था, अनुरक्षण कार्यों और सुरक्षा मानकों का जायजा लिया।
परियोजना में पहुंचने पर परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने राजेश कुमार चंदेल का हिमाचली परंपरा के अनुसार स्वागत किया। दौरे के दौरान निदेशक ने पावर हाउस, नियंत्रण कक्ष सहित हाइड्रो पावर स्टेशन के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्युत उत्पादन से संबंधित गतिविधियों के साथ-साथ संयंत्र के संचालन एवं अनुरक्षण व्यवस्था की भी जानकारी ली।
परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने निदेशक को विद्युत उत्पादन की वर्तमान स्थिति, मशीनों की उपलब्धता, अनुरक्षण कार्यों तथा विभिन्न तकनीकी एवं परिचालन पहलुओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान परियोजना के सुचारू संचालन, उपलब्ध उत्पादन क्षमता के बेहतर उपयोग और आगामी कार्ययोजना को लेकर भी चर्चा हुई।
राजेश कुमार चंदेल ने अधिकारियों और तकनीकी कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन एसजेवीएन की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है। यह परियोजना देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। उन्होंने कहा कि जल विद्युत परियोजनाओं में विद्युत उत्पादन के साथ सुरक्षा, दक्षता और उपकरणों की विश्वसनीयता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
उन्होंने प्रकृति संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देते हुए परियोजना परिसर में पौधारोपण भी किया। इसके बाद उन्होंने चंभु देवता महाराज मंदिर में दर्शन कर परियोजना की सफलता और समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
दौरे के अंत में निदेशक ने अधिकारियों को उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने तथा परियोजना की उत्पादन क्षमता और दक्षता को निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अनुरक्षण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप करने और प्रत्येक स्तर पर सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया।
