एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
जिला पर्यटन विकास अधिकारी कार्यालय द्वारा शिमला जिला के सभी पर्यटन हितधारकों की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता पर्यटन विभाग के निदेशक विवेक भाटिया ने की।
विवेक भाटिया ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य सरकार द्वारा पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए की जा रही पहलों पर सामूहिक विचार-विमर्श करना है। उन्होंने हितधारकों द्वारा दिए गए सुझावों का स्वागत करते हुए जिला पर्यटन विकास अधिकारियों के साथ समन्वय में कार्य करने पर बल दिया। बैठक में हितधारकों ने कई मुद्दे उठाए। हितधारक बलदेव ठाकुर ने कहा कि कुफरी के वन क्षेत्र में पर्यटन से जुड़े कुछ गतिविधियों को नियमबद्ध करना आवश्यक है। वहीं संजय ठाकुर ने ब्लॉगर द्वारा किए जा रहे नकारात्मक प्रचार पर विभागीय हस्तक्षेप की आवश्यकता जताई। इसके अलावा, फोटोग्राफरों और गाइडों को पहचान के लिए जैकेट उपलब्ध करवाने की मांग भी की गई।
विवेक भाटिया ने कहा कि जिला शिमला आने वाले पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए सभी हितधारकों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने विशेषकर बर्फ़बारी के दौरान पर्यटकों को सुविधाएं और सहयोग उपलब्ध करवाने का आग्रह किया।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी जगदीश शर्मा ने बताया कि सभी पर्यटन हितधारकों को एक ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्म पर एकीकृत करने की प्रक्रिया पर कार्य किया जा रहा है, जिसमें निजी ऑनलाइन पोर्टल संचालकों की भी भागीदारी होगी।
बैठक में हितधारक प्रतिनिधि संजय ठाकुर, बलदेव ठाकुर, तनुजा धांटा, हेम सिंह ठाकुर, होटल एसोसिएशन, होमस्टे एसोसिएशन, मिस एडवेंचर स्पोर्ट्स एसोसिएशन, पैराग्लाइडिंग व रिवर राफ्टिंग ऑपरेटर्स तथा फोटोग्राफर व गाइड एसोसिएशन के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
