एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
Shimla Winter Carnival 2025 : राजधानी के ऐतिहासिक रिज मैदान पर आयोजित मिस विंटर क्वीन प्रतियोगिता में मंडी जिले की प्रियंका ठाकुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ताज अपने नाम किया। वहीं, सिरमौर की कनिष्का चौहान फर्स्ट रनरअप और चौपाल की नेहा ठाकुर सेकंड रनरअप रहीं। रविवार रात ग्रैंड फिनाले और फाइनल राउंड आयोजित किए गए, जिसमें बड़ी संख्या में दर्शक रिज मैदान पर मौजूद रहे। ग्रैंड फिनाले राउंड में प्रतिभागियों के रैंप वॉक और आत्मविश्वास के आधार पर टॉप फाइव मॉडल्स का चयन किया गया। अभिनेता एवं मॉडल विक्रम मेहता ने चयनित प्रतिभागियों को गोल्ड कॉइन देकर प्रोत्साहित किया। इसके बाद आयोजित फाइनल प्रश्न-उत्तर राउंड में प्रतिभागियों की सोच, आत्मविश्वास और सामाजिक दृष्टिकोण को परखा गया। निर्णायक मंडल ने प्रदर्शन के आधार पर प्रियंका ठाकुर को मिस विंटर क्वीन 2025 घोषित किया। शिमला की इशिता सूद तीसरे रहीं।
समारोह में मिस विंटर क्वीन प्रियंका ठाकुर को ताज, सैश और चांदी की अंगूठी भेंट की गई। रनरअप को भी चांदी की अंगूठियां और सैश पहनाकर सम्मानित किया गया। बता दें कि प्रियंका ठाकुर बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी (बीडीसी) की अंतिम वर्ष की छात्रा हैं। उनके पिता हेमंत कुमार सिविल इंजीनियर हैं, जबकि माता कमला देवी गृहिणी हैं। प्रियंका ने बताया कि वह भविष्य में मास्टर्स की पढ़ाई करना चाहती हैं और समाज सेवा के साथ-साथ मॉडलिंग के जरिए युवाओं को प्रेरित करना उनका लक्ष्य है।
