एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार से शिपकी ला मार्ग से भारत-तिब्बत व्यापार दोबारा शुरू करने का आग्रह किया है। साथ ही, शिपकी ला के रास्ते कैलाश मानसरोवर यात्रा शुरू करने को लेकर भी बातचीत जारी है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सड़क नेटवर्क से तीर्थयात्रियों के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचा विकसित करना संभव होगा। मुख्यमंत्री शुक्रवार को रामपुर में चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के समापन अवसर पर बोल रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमा पर्यटन की शुरुआत से अब तक 70,000 से अधिक पर्यटक चीन सीमा के पास हिमाचल की खूबसूरत घाटियों का भ्रमण कर चुके हैं, जिससे रामपुर और किन्नौर क्षेत्र को व्यापक लाभ मिला है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि पदम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामपुर में अगले सत्र से सीबीएसई पाठ्यक्रम शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य शिक्षा के क्षेत्र में अब देश में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है, जो पिछली सरकार के समय 21वां स्थान था।
केंद्र अनुमति दे तो भूमिहीन आपदा पीड़ितों को जमीन जल्द

आपदा राहत को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त हुए 4,000 से अधिक परिवारों को 81 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की गई है। यदि केंद्र सरकार अनुमति दे, तो प्रदेश भूमिहीन आपदा पीड़ितों को वन भूमि पर एक बीघा जमीन देने को तैयार है। स्वास्थ्य सुविधाओं पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि आईजीएमसी शिमला और चमियाना संस्थान में छह महीने में आधुनिक उपकरण उपलब्ध करवा दिए जाएंगे। हिमाचल प्रदेश उन चुनिंदा राज्यों में है, जहां सरकारी संस्थानों में रोबोटिक सर्जरी उपलब्ध है।
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने रामपुर ब्लॉक में 13 सड़कों के लिए 120 करोड़ रुपये की स्वीकृति का उल्लेख किया और कहा कि पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकानों के मुआवजे को 1.30 लाख से बढ़ाकर 7 लाख रुपये करना ऐतिहासिक फैसला है। इस अवसर पर विभिन्न विभागों और स्थानीय कारीगरों को पुरस्कार वितरित किए गए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने हिमाचल की समृद्ध लोक परंपराओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनियों के विजेताओं को पुरस्कार भी प्रदान किए।
प्रदर्शनी में बागवानी विभाग प्रथम, कृषि विभाग को दूसरा स्थान
विभागीय प्रदर्शनियों में बागवानी विभाग को प्रथम, कृषि विभाग को द्वितीय और जल शक्ति विभाग को तृतीय पुरस्कार मिला। हस्तशिल्प श्रेणी में ढालपुर के राम सिंह ने प्रथम, गाड़ागुशैणी के टेक सिंह ने द्वितीय और कुल्लू के बॉबी ने तृतीय स्थान हासिल किया। हथकरघा श्रेणी में पूह के यशु नेगी प्रथम, निचार के चंद्र सिंह द्वितीय और रिकांगपिओ के मणि तृतीय स्थान पर रहे। धातु शिल्प श्रेणी में डोला राम सोनी ने प्रथम, लोतम सोनी ने द्वितीय और राम दास सोनी ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया।
रामपुर में 53.96 करोड़ की योजनाओं के उद्घाटन-शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने शिमला जिले के रामपुर बुशहर में 53.96 करोड़ रुपये की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 3.27 करोड़ रुपये की लागत से ग्राम पंचायत धरगौरा में निर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन, 1.78 करोड़ रुपये की लागत से जल शक्ति उप-मंडल रामपुर के तहत विभिन्न पेयजल आपूर्ति योजनाओं के सुदृढ़ीकरण कार्य और 74.38 लाख की लागत से तहसील ननखड़ी में प्रवाह सिंचाई योजना फौला-लधिधार के सुधार कार्यों का लोकार्पण किया। इसके अलावा उन्होंने 89 लाख रुपये की लागत से लोक निर्माण विभाग सराहन के सहायक अभियंता कार्यालय एवं आवास का भी उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने नाबार्ड के तहत 25.76 करोड़ रुपये से ज्यूरी से सराहन सड़क के उन्नयन कार्य, 2.77 करोड़ रुपये की लागत से आईटीबीपी कॉलोनी नोगली के लिए उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना, 4.57 करोड़ रुपये की लागत से मुनिश बाहली और दरकाली पंचायतों की पेयजल आपूर्ति योजनाओं के सुदृढ़ीकरण कार्यों का शिलान्यास किया। साथ ही, ग्राम पंचायत कलेडा-मझेवटी में बेलूपुल से मझेवटी तक 1.19 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली प्रवाह सिंचाई योजना, नगर परिषद रामपुर में छोड़े गए घरों के लिए 3 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज प्रणाली और ननखड़ी में 9.96 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुमंजिला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और बस अड्डे का भी शिलान्यास किया।
