एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। पद्मा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विश्व रेबीज़ दिवस का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ह्यूमेन पीपल एनजीओ रामपुर, पशुपालन विभाग, मिशन रेबीज़, माय फर्रीज़, शिक्षा विभाग, पीजी कॉलेज रामपुर की एनएसएस इकाई और पॉ फ्रेंड के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में रामपुर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज बसोतिया मुख्यातिथि रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. रोहिणी शर्मा (एसडीएएमओ रामपुर), संतोष शर्मा (उप प्रधानाचार्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय), डॉ. ज्योत्सना (एएमओ रामपुर), एकता धीमान (ह्यूमेन पीपल एनजीओ), प्रो. विपन शर्मा (प्रभारी उन्नत भारत अभियान, पीजी कॉलेज), प्रो. जितेन्द्र साहनी (एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी), प्रो. राजेश नेगी एवं मीरा शर्मा उपस्थित रहे। सभी को दिवंगत सिद्धार्थ शर्मा की स्मृति में सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विश्व रेबीज़ दिवस पुरस्कार विजेता डॉ. अनिल कुमार शर्मा का रेबीज़ पर जागरूकता व्याख्यान था। उन्होंने रेबीज़ की रोकथाम, नियंत्रण तथा जिम्मेदार पशु देखभाल के महत्वपूर्ण पहलुओं पर विशेष रूप से प्रकाश डाला।
इसके अतिरिक्त, अंतर-विद्यालयी क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें 11 विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का संचालन शीतल शर्मा और आर्यन ने किया। प्रथम स्थान पीपीएस रैशरण स्कूल, डंसा ने, द्वितीय स्थान स्प्रिंगडेल स्कूल, खनेरी ने तथा तृतीय स्थान आरवीके पब्लिक स्कूल, दत्तनगर ने प्राप्त किया।
मुख्यातिथि डॉ. पंकज बसोतिया ने अपने संबोधन में छात्रों को पशु कल्याण और रेबीज़ की रोकथाम के प्रति सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अपने पालतू कुत्ते एंज़ो की याद भी साझा की। अंत में धन्यवाद प्रस्ताव ह्यूमेन पीपल एनजीओ के अध्यक्ष अनिल मोक्टा ने प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में ह्यूमेन पीपल एनजीओ के पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक, पशुपालन विभाग के बिहारी लाल (एएचए पशु चिकित्सालय दत्तनगर), संजीव चौहान (वी. फार्मासिस्ट पशु चिकित्सालय निरथ) एवं पशु औषधि प्रशिक्षु भी उपस्थित रहे।
