एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) किन्नौर द्वारा आयोजित सात दिवसीय संयुक्त अभ्यास किन्नौर का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक किन्नौर अभिषेक शेखर द्वारा रक्छम में किया गया।
यह विशेष प्रशिक्षण अभ्यास 13 अक्तूबर से 19 अक्तूबर 2025 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें जिला पुलिस त्वरित प्रतिक्रिया दल, होम गार्ड, तथा किन्नौर माउंटेनियरिंग, स्कीइंग एंड रेस्क्यू एसोसिएशन के सदस्य भाग ले रहे हैं।इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य जिले में आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों की तत्परता, समन्वय और क्षमता निर्माण को मजबूत करना है, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में प्रभावी और तीव्र प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने जानकारी दी कि इस संयुक्त प्रशिक्षण में अनुभवी पर्वतारोहण विशेषज्ञ प्रतिभागियों को माउंटेन रेस्क्यू ऑपरेशन, क्लाइम्बिंग तकनीक, बॉडी एवैक्यूएशन विधियों, और रेस्क्यू उपकरणों के उपयोग पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दे रहे हैं। इस 7 दिवसीय संयुक्त अभ्यास में पुलिस त्वरित प्रतिक्रिया दल के 13 जवान और होम गार्ड के 10 जवान सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।
यह संयुक्त अभ्यास, किन्नौर जैसे जनजातीय जिले में आपदा प्रबंधन क्षमता को सुदृढ़ करने और आपात स्थितियों में एक सुदृढ़ प्रतिक्रिया तंत्र विकसित करने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।
