एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
स्प्रिंगडेल स्कूल खनेरी ने हाल ही में आयोजित सहोदय इंटर-स्कूल वॉलीबॉल प्रतियोगिता 2025 में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्कूल का नाम रोशन किया है। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में अंडर-17 लड़कियों की टीम उपविजेता रही, जबकि अंडर-17 लड़कों की टीम ने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया।
लड़कियों की टीम ने टूर्नामेंट में जबरदस्त टीमवर्क और रणनीतिक खेल का परिचय देते हुए कई कड़े मुकाबलों को पार कर फाइनल तक पहुंच बनाई। फाइनल में उन्हें मामूली अंतर से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन उनका जज्बा सराहनीय रहा।
वहीं, लड़कों की टीम ने अपने पूल के सभी मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। उन्होंने नॉकआउट राउंड में भी उम्दा प्रदर्शन किया। हालांकि, सेमीफाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और टीम को कड़ी टक्कर के बाद पराजय मिली। फिर भी उनका प्रदर्शन भविष्य के लिए उम्मीदें जगाता है।
स्प्रिंगडेल स्कूल खनेरी के प्रधानाचार्य ने छात्रों की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा, “हमें अपने छात्रों पर गर्व है। उनके अनुशासन, मेहनत और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन से ही यह सफलता मिली है। हमारा स्कूल हमेशा खेल और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को प्राथमिकता देता है ताकि छात्रों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।”
