एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
स्प्रिंगडेल स्कूल खनेरी में ओलंपियाड एवं अखिल भारतीय नागरिक विकास केंद्र, छत्रपति संभाजी नगर (औरंगाबाद) के संयुक्त तत्वावधान में विभिन्न रचनात्मक और शैक्षणिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य छात्रों के बौद्धिक एवं रचनात्मक विकास को प्रोत्साहित करना था।
स्कूल परिसर में आयोजित साइंस, इंग्लिश और मैथ्स ओलंपियाड में विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने अपनी तार्किक क्षमता और अकादमिक योग्यता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके साथ ही ड्राइंग, हैंडराइटिंग और निबंध प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
परिणाम घोषित होने के बाद स्कूल में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर स्कूल के प्रधानाचार्य मनीष आनंद मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतियोगिताओं में अव्वल रहे मेधावी छात्रों को मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। अपने संबोधन में प्रधानाचार्य ने कहा कि किताबी ज्ञान के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर की ओलंपियाड और रचनात्मक प्रतियोगिताएं छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। इससे बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ता है।
उन्होंने सभी विजेता विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार मेहनत और लगन से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
