एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
विधानसभा क्षेत्र रामपुर के विकास खंड ननखड़ी की ग्राम पंचायत थैली चकटी को 33 लाख रुपये की लागत से बने नए पंचायत भवन की सौगात मिली है। सोमवार को सातवें वित्तायोग अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नंद लाल ने विधिवत रूप से इस भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी सत्या देवी भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
इसके साथ ही विधायक ने अढ़ाई लाख रुपये की लागत से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थैली चकटी में निर्मित नए मंच (स्टेज) को भी विद्यार्थियों को समर्पित किया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर ग्रामीणों ने विधायक का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। अपने संबोधन में विधायक नंद लाल ने पंचायत भवन के निर्माण पर ग्रामीणों को शुभकामनाएं दीं और आश्वासन दिया कि भवन की ऊपरी मंजिल का कार्य भी शीघ्र पूरा कर जनता को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने पंचायत भवन के संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए दो लाख रुपये देने की घोषणा की।
इसके अलावा मौके पर उपस्थित महिला मंडलों को पांच–पांच हजार रुपये तथा स्थानीय स्कूल के विद्यार्थियों को भी पांच हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की गई। विधायक ने ग्रामीणों को यह भी भरोसा दिलाया कि थैली चकटी को जल्द ही उप-तहसील का दर्जा दिलाने के प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्रों और महिला मंडलों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इस अवसर पर एपीएमसी निदेशक भूपेश धीमान, पूर्व समिति उपाध्यक्ष राजीव ठाकुर, पंचायत एसडीओ विपिन भलूनी, पूर्व प्रधान रविंद्र गिरी, मस्त राम ठाकुर, फूल्मा देवी, शिरू राम मेहता, रोशन लाल सहित कई वार्ड सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
