एआरबी टाइम्स ब्यूरो, मंडी
तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 का मंडी जिले में जोश और उत्साह के साथ आगाज़ हुआ। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डॉ. मदन कुमार ने सेरी मंच से स्कूली बच्चों की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली से पहले विद्यार्थियों को तंबाकू के किसी भी रूप का सेवन न करने की शपथ दिलाई गई। बच्चों ने “जन-जन का हो एक ही नारा, नशा मुक्त हो देश हमारा” जैसे नारे लगाते हुए इंदिरा मार्केट में जागरूकता फैलाई।
इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को तंबाकू की लत से बचाना, इच्छुक लोगों को छोड़ने के लिए प्रेरित करना, और 400 शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त घोषित करना है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपाली शर्मा ने बताया कि यह दो माह लंबा अभियान 9 अक्तूबर से 8 दिसंबर तक चलेगा। उन्होंने कहा कि तंबाकू कैंसर, हृदय रोग, और क्षय रोग जैसी बीमारियों का मुख्य कारण है और हर साल भारत में तंबाकू से लगभग 13.5 लाख लोगों की मृत्यु होती है।
इस अभियान में स्वास्थ्य, शिक्षा, पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग शामिल हैं। प्रतिबंधित क्षेत्रों में तंबाकू सेवन करने वालों पर जुर्माना लगेगा और दुकानों पर अवैध बिक्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रत्येक ब्लॉक और जिला स्तर पर उड़न दस्ते गठित किए गए हैं जो सप्ताह में दो बार प्रवर्तन अभियान चलाएंगे। कार्यक्रम के दौरान डॉ. दिनेश ठाकुर (चिकित्सा अधीक्षक), डॉ. अरिंदम रॉय (जिला स्वास्थ्य अधिकारी), एल.डी. ठाकुर (सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा) सहित कई अध्यापक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।