एआरबी टाइम्स ब्यूरो
मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के बालीचौकी उपमंडल में लगातार बारिश के चलते शारश गांव की ओर जाने वाले रास्ते में जमीन में दरारें आ गई हैं, जिससे कई भवन असुरक्षित हो गए हैं। प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से इन भवनों को खाली करवा लिया है।
उपमंडलाधिकारी (ना.) बालीचौकी देवीराम के नेतृत्व में राजस्व विभाग और तहसील प्रशासन की टीम ने प्रभावित इलाकों का दौरा किया और पाया कि बालीचौकी बाजार स्थित जीरो चौक में तीन भवनों में हल्की दरारें आ चुकी हैं। ये भवन वीर सिंह, बलीराम और मोहर सिंह के स्वामित्व में हैं, जिनमें 16 दुकानें किराए पर दी गई थीं और मोहर सिंह स्वयं भी परिवार सहित इनमें रह रहे थे। वीरवार को प्रशासन ने तीन और भवनों की जांच की, जिनमें 17 दुकानें चल रही थीं और दो मकान मालिक परिवार सहित रह रहे थे।
एसडीएम देवीराम ने बताया कि कुल 6 भवन असुरक्षित घोषित किए गए हैं, जिनमें 33 दुकानें, 16 किराएदार और 3 परिवार निवासरत थे। सभी को एहतियातन सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से प्रभावितों को अंतरिम राहत, राशन किट, तिरपाल, और अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान की गई है। साथ ही, राहत के लिए प्रकरण नियमानुसार तैयार किए जा रहे हैं।
