एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। वन शहीद दिवस के अवसर पर फ़ॉरेस्टर वेलफेयर एसोसिएशन, वन वृत्त रामपुर ने रक्त दान सेवा परिवार सोसायटी रामपुर के साथ मिलकर एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि उप-अरण्यपाल गुर हर्ष सिंह और विशेष अतिथि सह-अरण्यपाल तेज सिंह ने अमर शहीद स्वर्गीय श्री होशियार सिंह की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
उप-अरण्यपाल रामपुर ने वन शहीद दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह दिन उन वीर अधिकारियों और कर्मचारियों की स्मृति में मनाया जाता है जिन्होंने वनों और वन्यजीवों की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी।
फ़ॉरेस्टर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित भारती ने जानकारी दी कि इस शिविर में वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा 25 यूनिट रक्तदान किया गया। कार्यक्रम में महासचिव जीवेंद्र कुमार, सह सचिव संदीप कुमार, प्रेस सचिव विनोद कुमार, मंच सचिव अरुण कुमार सहित रामपुर और आनी वन मंडल के अधिकारी, वन रक्षक व वन मित्र मौजूद रहे।
