एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
हिमकॉन के प्रबंध निदेशक नियुक्त होने के बाद रामपुर पहुंचे विकेश चौहान का क्षेत्र में भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा एक आम परिवार से जुड़े व्यक्ति को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपे जाने को जनता ने विश्वास और जनसेवा की राजनीति का उदाहरण बताया। रामपुर के प्रवेश द्वार भैरा खड्ड, नीरथ, नोगली और जीरो प्वाइंट पर स्थानीय लोगों, समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ विकेश चौहान का गर्मजोशी से स्वागत किया। पूरे क्षेत्र में उत्साह और प्रसन्नता का माहौल देखने को मिला।

इसके बाद रामपुर के सर्किट हाउस में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें उनके परिजनों सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। समारोह में लोगों ने उन्हें शॉल, फूल-मालाएं और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके सामाजिक, राजनीतिक और जनसेवा के कार्यों की सराहना की।
समारोह को संबोधित करते हुए विकेश चौहान ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने एक आम परिवार से आने वाले व्यक्ति पर भरोसा जताकर उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि वे इस दायित्व को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे तथा प्रदेश और रामपुर क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे।
विकेश चौहान ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री सुक्खू के नेतृत्व में बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं, जिससे हिमाचल प्रदेश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार की नीतियों और योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने में वे अपनी पूरी भूमिका निभाएंगे।

उल्लेखनीय है कि विकेश चौहान मूल रूप से सराहन बुशहर के रहने वाले हैं और छात्र राजनीति से ही सक्रिय रहे हैं। वे पूर्व में सराहन वार्ड से जिला परिषद सदस्य भी रह चुके हैं। उनके चयन से क्षेत्रवासियों में यह उम्मीद जगी है कि रामपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलेगी और क्षेत्र की समस्याएं मुख्यमंत्री तक प्रभावी ढंग से पहुंचेंगी तथा उनका समयबद्ध समाधान होगा। इस दौरान रामपुर कांग्रेस, युवा कांग्रेस, ग्रामीण महिलाओं सहित सैंकड़ों लोग उनके स्वागत के लिए एकत्रित हुए।
