एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
लोक निर्माण और शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पिछले ढाई सालों में केंद्र सरकार से दोनों विभागों को 4500 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता मिली है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार हर संभव सहयोग कर रही है। मंत्री ने बताया कि नवंबर माह में 1500 किलोमीटर सड़कों का जाल बिछाने की मंजूरी मिलने जा रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की सैकड़ों सड़कों का निर्माण होगा और प्रदेश के लाखों लोगों को लाभ मिलेगा।
पाहल पंचायत में विकास कार्य
पाहल पंचायत में पिछले ढाई सालों में 22 लाख रुपए के विकास कार्य किए जा रहे हैं। बमौत लिंक मार्ग और चेवला-टबोग सड़क के लिए जल्द बजट का प्रावधान किया जाएगा। विधायक निधि से पंचायत को 5 लाख रुपए और स्कूल में रसोईघर निर्माण व शौचालय मरम्मत के लिए 1.5 लाख रुपए दिए जाएंगे। स्कूली छात्राओं को सांस्कृतिक प्रस्तुति के लिए 11 हजार रुपए की घोषणा भी की गई।

दो सड़कों का शिलान्यास और परीक्षा केंद्र का लोकार्पण
कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने पाहल पंचायत में:
नेहवट घैणी-देवीदार सड़क (13 करोड़ रुपए)
नयासेर खड्ड पर पुल निर्माण
पाहल-बैला घाट-कोटला सम्पर्क मार्ग (1.2 करोड़ रुपए)
का शिलान्यास किया। इसके अलावा, राजकीय उच्च विद्यालय बमोत में परीक्षा केंद्र का लोकार्पण भी किया।
कायना स्कूल में साइंस लेब का लोकार्पण
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कायना में समग्र शिक्षा अभियान के तहत 22 लाख रुपए की लागत से साइंस लेब का उद्घाटन किया गया। इसमें फिजिक्स, केमेस्ट्री और बायोलॉजी की लैब शामिल हैं। मंत्री ने मिडिल स्कूल के तीन कमरों के निर्माण के लिए 3.5 लाख रुपए देने और बहुउद्देशीय भवन निर्माण की दिशा में प्राथमिकता देने की घोषणा की। स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए 21 हजार रुपए भी दिए जाएंगे।
शिक्षा क्षेत्र में व्यापक सुधार
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश के 100 स्कूलों में CBSE बोर्ड लागू किया जा रहा है और स्कूलों का युक्तिकरण किया जा रहा है। लैब स्थापित होने से बच्चों को अत्याधुनिक सुविधाएं मिलेंगी और शिक्षा क्षेत्र में सुधार होगा।
पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह का योगदान
मंत्री ने कहा कि फाइन आर्ट्स कॉलेज का निर्माण और इसकी देशभर में पहचान बनना पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के योगदान से संभव हुआ।
कार्यक्रम में मौजूद लोग
पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल शर्मा, पार्षद मोनिका भारद्वाज, स्थानीय पंचायत प्रधान जनोल जीत सिंह ठाकुर, उप प्रधान रोशन लाल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कायना प्रधानाचार्य विद्या बांशटू, महिला कांग्रेस अध्यक्ष निर्मला ठाकुर, बीडीसी चेयरमैन सरोज शर्मा और विभिन्न विभागाध्यक्ष उपस्थित थे।
