एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घणाहट्टी में आयोजित अंडर-14 बालक-बालिका तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास को कभी भी विनाश का रूप नहीं लेना चाहिए।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि 24 से 27 अगस्त 2025 के बीच प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदाओं से करीब 800 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्र के रेस्टोरेशन को अमलीजामा पहनाना सबसे बड़ी चुनौती है जिसमें सरकारी धन का दुरुपयोग बिलकुल नहीं होना चाहिए। हमें एक एक पैसे को बचाना होगा तभी प्रदेश के विकास के लिए धन संचित हो पाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अंदर बादल फटने की घटनाएं अब काफी बढ़ गई है और यह प्रदेश के लिए अलार्मिंग स्थिति है। हमें विकास मॉडल में परिवर्तन करना होगा जो पर्यावरण हितैषी विकास होगा और उसी विकास मॉडल पर फोकस होगा। मलबे को डंपिंग साइट पर ही फेंका जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारी भविष्य की पीढ़ी अगर खतरे के साय में रहेगी तो हम सब के लिए चिंता की बात है। आज सारे पहाड़ नीचे दरक रहे है।
देवस्थलों की गरिमा बनाए रखें
विक्रमादित्य सिंह ने प्रदेशवासियों से अपील की कि देव स्थलों को प्रदूषित न करें। उन्होंने कहा कि इन स्थलों की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक गरिमा को बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।
शिक्षा और खेलों का संतुलन जरूरी
मंत्री ने स्कूली बच्चों के समग्र विकास पर बल देते हुए कहा कि “बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी अग्रणी रहना चाहिए।” उन्होंने जानकारी दी कि राज्य सरकार राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल स्थापित कर रही है जिसमें आधुनिक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। साथ ही, स्मार्ट क्लास रूम और वोकेशनल कोर्स भी शुरू किए जा रहे हैं ताकि युवा स्वरोजगार के लिए सक्षम बनें।
विकास कार्यों की घोषणाएं
उन्होंने स्कूल परिसर में इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने के लिए 5 लाख रुपए, और कुश्ती ग्राउंड के जीर्णोद्धार के लिए 15 लाख रुपए देने की घोषणा की। साथ ही, इंडोर स्टेडियम के लिए भी विकल्प तलाशने की बात कही।
400 छात्र-छात्राएं ले रहे भाग
इस प्रतियोगिता में 17 स्कूलों के लगभग 400 छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता का समापन 3 सितंबर 2025 को होगा। शुभारंभ अवसर पर आयोजित मार्च पास्ट और सरस्वती वंदना की प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। विक्रमादित्य सिंह ने आयोजन समिति को ₹31,000 की प्रोत्साहन राशि देने की भी घोषणा की।
इस अवसर पर उपस्थित रहे:
उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा निशा बलूनी, उप निदेशक गुणवत्ता नियंत्रण बलविंदर, गोपाल शर्मा, रेखा मानक, कांता ठाकुर, प्रवीण कुमार, प्रभा वर्मा, देवेंद्र शर्मा सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
