एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज सचिवालय से शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सांगटी-सन्होग में 1.14 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले पंचायत सामुदायिक केंद्र (पंचायत भवन) का वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने पंचायत क्षेत्र के लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि पिछली भाजपा सरकार के दौरान पंचायतों का पुनर्गठन किया गया था। इस पुनर्गठन के तहत शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में कुछ पंचायतों के हिस्से अलग कर 8 नई पंचायतों का गठन किया गया, जिनमें से 7 पंचायतों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त पंचायत भवनों के निर्माण के लिए बजट स्वीकृत कर दिया गया है। इनमें से कुछ भवनों का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जबकि कुछ का लोकार्पण भी किया जा चुका है। केवल एक पंचायत का मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के कारण शेष है।
उन्होंने ग्राम पंचायत सांगटी-सन्होग के प्रधान राहुल कश्यप, उपप्रधान मनोज शर्मा, अन्य जनप्रतिनिधियों तथा डीएफओ वाइल्डलाइफ शिमला के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से मात्र छह माह के भीतर फॉरेस्ट क्लीयरेंस सहित सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर ली गईं। मंत्री ने पंचायत सामुदायिक भवन के लिए भूमि दान करने वाले विक्रम ठाकुर, रूप सिंह ठाकुर एवं चमन ठाकुर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भूमिदान एक साहसिक और प्रेरणादायक कार्य है। समाज और मानवता की सेवा के लिए सभी को आगे आना चाहिए, ताकि सड़कों सहित गांवों और पंचायत क्षेत्रों का विकास बिना किसी बाधा के आगे बढ़ सके।
विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि भारी बारिश और बर्फबारी के कारण वे कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित नहीं हो सके, जिसके चलते शिलान्यास वर्चुअल रूप से करना पड़ा। उन्होंने खेद व्यक्त करते हुए कहा कि विधायक या मंत्री के विधानसभा क्षेत्र में न पहुंच पाने से लोगों को निराशा होती है, क्योंकि वे अपनी समस्याएं सीधे साझा करना चाहते हैं।
उन्होंने आश्वासन दिया कि सांगटी-सन्होग पंचायत सहित आसपास की नेरी और चायली पंचायतों में बिजली, पेयजल, सड़क एवं अन्य विकास संबंधी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। इसके लिए वे सर्दियों के बाद शीघ्र ही क्षेत्र का दौरा करेंगे और अधिकारियों के साथ मिलकर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करेंगे।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य लता वर्मा, पंचायत समिति सदस्य निधि ठाकुर, पीसीसी महासचिव जितेंद्र ठाकुर, ग्राम पंचायत नेरी के प्रधान हेमंत शर्मा, पूर्व प्रधान देवेंद्र ठाकुर, चायली पंचायत के उपप्रधान मोहन सिंह वर्मा, सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण संघ के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, युवक व महिला मंडल के सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
