एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम को लेकर 13 अक्टूबर को शिमला के रिज मैदान में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम की तैयारियों के संदर्भ में उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
उपायुक्त ने कहा कि यह कार्यक्रम हिमाचल प्रदेश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसका आयोजन प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की स्मृति में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की हर छोटी-बड़ी तैयारी पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि किसी प्रकार की कोई कमी न रहे।
उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को मेडिकल टीम की तैनाती, अग्निशमन विभाग को दोनों छोर पर टीम की उपस्थिति, नगर निगम को सफाई व सजावट सुनिश्चित करने तथा एसजेपीएनएल को पीने के पानी की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोग एवं कई गणमान्य अतिथि भाग लेंगे, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के भी आदेश दिए गए।
इस बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त दिव्यांशु सिंगल, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकॉल) ज्योति राणा, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, एवं अन्य जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।