एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) के 56वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इसे समस्त हिमाचलवासियों के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया और कहा कि यह विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ प्रदेश के सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और आर्थिक विकास का भी प्रतिबिंब है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एचपीयू ने ऐसे मेधावी छात्र देश को दिए हैं, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है और हिमाचल प्रदेश का नाम विश्वभर में रोशन किया है। उन्होंने यह भी साझा किया कि वे स्वयं भी इस विश्वविद्यालय के छात्र रहे हैं और उनके जीवन, सोच व व्यक्तित्व के विकास में इस संस्थान की अहम भूमिका रही है।
उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी और नवाचार के इस युग में विश्वविद्यालय को भी बदलाव का प्रतीक बनना चाहिए। उन्होंने पाठ्यक्रमों को उद्योग की मांग के अनुरूप आधुनिक बनाने, प्रशासनिक प्रक्रियाओं में सुधार लाने तथा लचीलेपन के साथ नए कोर्स आरंभ करने की आवश्यकता पर बल दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लक्ष्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि छात्रों को कौशलयुक्त, आत्मनिर्भर और चुनौतियों से निपटने योग्य बनाना होना चाहिए। इस दिशा में एचपीयू में खुल रहे पांच नए शोध केंद्रों को उन्होंने एक सकारात्मक पहल बताया और इसके लिए कुलपति डॉ. महावीर सिंह की सराहना की।
श्री सुक्खू ने विश्वविद्यालय के शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों द्वारा आपदा प्रभावितों की सहायता के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में वेतन से अंशदान देने के निर्णय पर भी आभार व्यक्त किया।
