Shimla: राज्यपाल ने हवन यज्ञ कर मांगी आपदा मुक्त हिमाचल की कामना, राखी पर दी शुभकामनाएँ

एआरबी टाइम्स ब्यूरो

शिमला। सावन पूर्णिमा के पावन अवसर पर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज राजभवन में हवन यज्ञ का आयोजन किया। इस आध्यात्मिक अनुष्ठान का उद्देश्य राज्य को प्राकृतिक आपदाओं से बचाने और शांति व समृद्धि की कामना करना था।

राज्यपाल ने हवन के दौरान विशेष आहुतियाँ अर्पित करते हुए कहा कि हिमाचलवासी अपनी आस्था से गहराई से जुड़े हुए हैं और आपदा मुक्त हिमाचल की दिशा में यह आध्यात्मिक प्रयास महत्त्वपूर्ण है। उन्होंने हाल ही में मंडी जिले के सराज क्षेत्र में आई आपदा का उल्लेख करते हुए जान-माल के नुकसान पर गहरी चिंता जताई। साथ ही, आपदाओं में दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की गई।

लेडी गवर्नर जानकी शुक्ला, राजभवन के अधिकारी और कर्मचारी भी श्रद्धा के साथ इस अनुष्ठान में सम्मिलित हुए। यज्ञ के बाद, मैत्री संस्था और राज्य रेडक्रॉस की महिलाओं ने राज्यपाल की कलाई पर राखी बाँधी और उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा, “रक्षा सूत्र का कोमल धागा केवल कलाई ही नहीं, हृदय और आत्मा को भी जोड़ता है। यह पर्व स्नेह, विश्वास और परस्पर रक्षा का प्रतीक है।” उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को रक्षा बंधन की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। राज्यपाल के सचिव सी.पी. वर्मा भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *