एआरबी टाइम्स ब्यूराे
किन्नौर। सिरमौर जिला के धौला कुआं में आयोजित राज्य स्तरीय शूटिंग चैंपियनशिप में किन्नौर के युवा शूटरों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। बायुल शूटिंग क्लब रिकांगपिओ के कोच महेश नेगी ने जानकारी दी कि डीएवी रिकांगपिओ के कक्षा नौ के छात्र आरुष लोकटस ने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में बेहतरीन प्रदर्शन कर नॉर्थ जोन शूटिंग चैंपियनशिप के लिए चयनित होकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
वहीं केंद्रीय विद्यालय रिकांगपिओ की 11वीं कक्षा की छात्रा आरनिका सिंह ने प्रतियोगिता में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक जीतकर सभी को गर्व महसूस कराया। जबकि आरनिका मूल रूप से रामपुर बुहशर की रहने वाली है। उनकी इस उपलब्धि से रामपुर में भी खुशी का माहौल है। किन्नौर जिला राइफल एसोसिएशन के अध्यक्ष ठाकुर बिष्ट एवं सचिव विमल कान्त नेगी ने दोनों प्रतिभाशाली शूटरों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस उपलब्धि ने न केवल किन्नौर जिले को राज्य स्तर पर गौरवान्वित किया है, बल्कि आने वाले युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बना है।
