एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
जिला स्तरीय सराहन दशहरा मेले के सफल आयोजन और देव परंपराओं के निर्वहन को लेकर बुधवार को रामपुर में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। नायब तहसीलदार रामपुर सुरेश नेगी की अध्यक्षता में हुई बैठक में शिमला, कुल्लू और किन्नौर जिलों से संबंधित मंदिर समितियों के मोहतमीन तथा पंचायत प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान मेले की तैयारियों, देवताओं के ठहराव और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में नायब तहसीलदार सुरेश नेगी ने सभी मंदिर समितियों से 20 अक्तूबर को दोपहर दो बजे तक सराहन पहुंचने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय पर देवी-देवताओं के पहुंचने से मेले की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी। साथ ही सभी देवता भगवान रघुनाथ की रथ यात्रा में भी शामिल हो सकेंगे। उन्होंने जानकारी दी कि चार दिवसीय दशहरा मेला नलाटी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। मेला समिति की ओर से देवी-देवताओं के ठहराव और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मंदिर समितियों ने रखीं सुविधाओं से जुड़ी मांगें
बैठक के दौरान विभिन्न मंदिर समितियों के मोहतमीन ने पिछले आयोजनों के दौरान सामने आई समस्याओं का उल्लेख करते हुए व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की। देवी-देवताओं को दिए जाने वाले नजराने में बढ़ोतरी, बेहतर ठहराव स्थल, पर्याप्त राशन और शौचालय की उचित व्यवस्था से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।
देवताओं के साथ आने वाले देवलुओं की संख्या का विवरण भी प्रस्तुत किया गया, ताकि मेला समिति उनके ठहरने और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित योजना तैयार कर सके।
सड़कों की स्थिति सुधारने का मुद्दा उठा
पंचायत प्रतिनिधियों ने मेले से पहले ज्यूरी-नानण सड़क की मरम्मत और मुख्य ज्यूरी-सराहन सड़क पर जमा मिट्टी के ढेर हटाने की मांग की। उन्होंने कहा कि सड़कों की स्थिति बेहतर होने से मेले के दौरान यातायात संचालन में होने वाली परेशानियों को कम किया जा सकता है।
नायब तहसीलदार सुरेश नेगी ने मंदिर समितियों से देव परंपराओं के नियमों का पालन करने तथा मेले के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने पारंपरिक वेशभूषा धारण करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि बैठक में मंदिर समितियों और पंचायत प्रतिनिधियों की ओर से रखे गए सुझावों एवं शिकायतों को मेला समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक में नायब तहसीलदार सराहन प्रेम नेगी, पंचायत प्रधान सोहन पांटू, ज्यूरी पंचायत प्रधान राजकांता, बौंडा पंचायत प्रधान गोपू राम सहित विभिन्न मंदिर समितियों और पंचायतों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
